कांग्रेस कार्यालय उद्घाटन में बवाल, शहर अध्यक्ष का कुर्ता फाड़ने का आरोप
बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आती नजर आई है। वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है।
एक तरफ बुलाकर मारपीट करने का आरोप
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल ने आरोप लगाया कि दीपक अरोड़ा के बेटे ने उनके साथ बदसलूकी की। मेघवाल के अनुसार आरोपी ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर एक तरफ बुलाया, जिसके बाद उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई।
मदन मेघवाल का आरोप है कि घटना के दौरान उनका कुर्ता भी फाड़ दिया गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
कांग्रेस के नाराज नेता का नाम भी चर्चा में
बताया जा रहा है कि कांग्रेस से नाराज चल रहे एक नेता का नाम भी इस पूरे विवाद को लेकर राजनीतिक चर्चाओं में सामने आ रहा है। हालांकि, इस संबंध में अन्य पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
नगर निगम चुनाव के बीच बढ़ी सियासी हलचल
घटना के बाद बीकानेर की राजनीति में कांग्रेस की अंदरूनी कलह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगर निगम चुनाव के बीच पार्टी के नेताओं के बीच सामने आया यह विवाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।





