बीकानेर: दो कारों से डोडा पोस्त बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

01 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में नशे पर बड़ा वार: दो कारों से 40 किलो डोडा पोस्त बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

दंतौर। बीकानेर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत दंतौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 40.15 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त साबुत बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

Advertisement

दंतौर थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार बारूपाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

दो संदिग्ध कारों को रोककर ली तलाशी

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध कारों को रोककर उनकी तलाशी ली। पहली कार स्विफ्ट वीडीआई नंबर RJ10CD5746 में सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान सुखदेव पुत्र नेनूराम बिश्नोई (23), निवासी गोडू, हाल 8 जीएआर, थाना बज्जू तथा द्वारका प्रसाद पुत्र रामनिवास बिश्नोई (22), निवासी बज्जू तेजपुरा के रूप में हुई है।

वहीं दूसरी कार आल्टो नंबर RJ13CD87770 में सवार दिनेश पुत्र महिपाल बिश्नोई (29), निवासी केएनडी (बी), थाना रावला को गिरफ्तार किया गया।

दोनों कारों से 40.15 किलो डोडा पोस्त बरामद

पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी के दौरान कुल 40.15 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त साबुत बरामद किया। इसके बाद मादक पदार्थ और दोनों वाहनों को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

नशे के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस जांच का फोकस अब इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और संभावित नशा तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

बीकानेर पुलिस द्वारा ऑपरेशन नीलकंठ के तहत लगातार कार्रवाई कर नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसा जा रहा है।

Share: