बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के लालमदेसर मगरा रोही में खेत में काम करते समय करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा 14 अगस्त की रात करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
खेत में टांके की मोटर में आया करंट
जानकारी के अनुसार लालमदेसर मगरा निवासी खियाराम जाट ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सुखाराम खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान खेत में बने टांके की मोटर में करंट आ गया और सुखाराम उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन शव को लेकर पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतक को देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।





