नाबालिग से अश्लील हरकत का आरोप, घर में ही था आरोपी! केस दर्ज

21 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत और लैंगिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए परिवाद के आधार पर पुलिस ने आरोपी परिजन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

नाबालिग ने मां को बताई घटना

परिवाद के अनुसार पीड़िता की मां मजदूरी का काम करती है। घटना के दिन वह परिवार के कुछ सदस्यों के साथ काम पर गई हुई थी। दोपहर के समय उसकी नाबालिग बेटी किसी आवश्यक कार्य से घर पहुंची, जहां आरोपी उसका ससुर मौजूद था। आरोप है कि आरोपी ने बालिका को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की और अनुचित तरीके से छुआ।

रात में भी हरकत करने का आरोप

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि उसी रात नाबालिग घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पास आया और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने लगा। बालिका के जागने और रोने पर उसने अपनी मां को घटना के बारे में बताया।

पहले से परेशान करने का भी आरोप

पीड़िता की मां के अनुसार, बालिका ने यह भी बताया कि आरोपी पहले से उसे कथित रूप से परेशान करता था। आरोप है कि जब वह स्नान करने जाती थी तो आरोपी छिपकर उसे देखता था और आपत्तिजनक व्यवहार करता था।

शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप

मां का आरोप है कि घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्य को देने के बाद मामले को बाहर नहीं ले जाने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत करने पर बच्चों सहित घर से निकालने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पहले थाने में दी थी शिकायत

परिवादिया ने बताया कि लोक-लाज और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। आरोप है कि इससे पहले संबंधित थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया।

POCSO एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार परिवाद की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर बीएनएस की धारा 74 और 79 तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण में अनुसंधान शुरू कर दिया है।

आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share: