कोटगेट और सांखला फाटक पर बड़ा अपडेट, डबल बॉक्स RUB और सबवे से बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर
बीकानेर। बीकानेर के कोटगेट और सांखला फाटक को लेकर रेलवे की ओर से बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बताया कि कोटगेट पर अब सिंगल बॉक्स की जगह डबल बॉक्स RUB बनाया जाएगा, जबकि सांखला फाटक पर पीडब्ल्यूडी के RUB के साथ रेलवे की ओर से सबवे बनाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के यातायात को राहत मिलने की उम्मीद है।
महाप्रबंधक ने बीकानेर-देशनोक ट्रैक का किया निरीक्षण
दो दिवसीय बीकानेर दौरे पर आए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बीकानेर, देशनोक और लालगढ़ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीकानेर रेलवे स्टेशन से देशनोक स्टेशन तक ट्रैक का फुट प्लेट निरीक्षण भी किया।
महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
यार्ड रीमॉडलिंग की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान यार्ड रीमॉडलिंग और हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने इन परियोजनाओं से रेलवे की परिचालन क्षमता में होने वाली वृद्धि और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
सांखला फाटक पर बनेगा RUB और रेलवे सबवे
प्रेसवार्ता में महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन को स्थानांतरित नहीं किया जा सकता, क्योंकि पुराने रेलवे स्टेशन शहर के केंद्र में होते हैं। उन्होंने बताया कि सांखला फाटक की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर पहले राज्य सरकार के अधिकारियों से बातचीत कर योजना तैयार की गई थी।
योजना के तहत सांखला फाटक पर पीडब्ल्यूडी की ओर से RUB बनाया जा रहा है। इसके बाद फाटक को बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही फाटक के स्थान पर रेलवे की ओर से सबवे बनाया जा रहा है।
कोटगेट पर सिंगल नहीं, अब बनेगा डबल बॉक्स RUB
कोटगेट को लेकर महाप्रबंधक ने बताया कि पहले यहां सिंगल बॉक्स RUB बनाने की योजना तैयार की गई थी। लेकिन समीक्षा में सामने आया कि सिंगल बॉक्स RUB से पूरा ट्रैफिक निकाल पाना संभव नहीं होगा।
इसके बाद योजना का दोबारा रिव्यू किया गया। अब कोटगेट पर डबल बॉक्स RUB बनाने की योजना तैयार की गई है। महाप्रबंधक के अनुसार इसका कार्य स्वीकृत कर दिया गया है।
ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान की कोशिश
कोटगेट और सांखला फाटक बीकानेर शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल हैं। रेलवे फाटक बंद होने और RUB तथा सबवे जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार होने से इन क्षेत्रों में ट्रैफिक संचालन को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल कोटगेट पर डबल बॉक्स RUB और सांखला फाटक पर RUB व सबवे की योजना को लेकर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के इन प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।





