न वोट पड़े, न चुनाव हुआ… फिर भी बन गई पार्षद

02 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नगर निगम चुनाव 2026 के बीच बीकानेर की राजनीति से बड़ा उलटफेर सामने आया है। नगर निगम के 80 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव से पहले ही वार्ड नंबर 69 में भारतीय जनता पार्टी का खाता खुल गया है। यहां भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत बिना मतदान के ही पार्षद निर्वाचित हो गई हैं।

Advertisement

जानकारी के अनुसार वार्ड 69 से भाजपा ने लीला गहलोत को प्रत्याशी बनाया था। उनके सामने चुनाव मैदान में मौजूद प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद लीला गहलोत की जीत का रास्ता साफ हो गया। इस घटनाक्रम के बाद वार्ड 69 में मतदान की जरूरत नहीं पड़ेगी और भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित माना गया है।

आरएलपी का सिंबल नहीं मिलने से खारिज हुआ नामांकन

बताया जा रहा है कि ममता सांसी ने वार्ड 69 से नामांकन दाखिल किया था। हालांकि कांग्रेस द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में उनका नाम शामिल बताया जा रहा था, लेकिन नामांकन पत्र में उन्होंने स्वयं को आरएलपी का उम्मीदवार दर्शाया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान ममता सांसी को आरएलपी का अधिकृत चुनाव चिन्ह या पार्टी सिंबल नहीं मिला। इसके चलते उनके नामांकन पत्र को नियमों के तहत खारिज कर दिया गया। नामांकन रद्द होने के बाद भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत चुनाव मैदान में अकेली रह गईं।

बिना चुनाव लड़े बनीं पार्षद

प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद वार्ड 69 में लीला गहलोत की जीत तय हो गई। इस तरह नगर निगम चुनाव के मतदान से पहले ही भाजपा के खाते में एक सीट आ गई है।

वार्ड 69 का यह घटनाक्रम बीकानेर नगर निगम चुनाव की सबसे चर्चित राजनीतिक घटनाओं में शामिल हो गया है। जहां एक ओर अन्य वार्डों में प्रत्याशी चुनाव प्रचार और मतदाताओं को साधने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं वार्ड 69 में भाजपा प्रत्याशी की जीत बिना मतदान के ही तय हो गई।

पूर्व पार्षद अनूप गहलोत की धर्मपत्नी हैं लीला गहलोत

भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत पूर्व पार्षद अनूप गहलोत की धर्मपत्नी हैं। उनकी निर्विरोध जीत के साथ ही नगर निगम चुनाव में राजनीतिक परिवारों की सक्रिय भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वार्ड 69 में भाजपा की लीला गहलोत की निर्विरोध जीत ने साफ कर दिया है कि बीकानेर नगर निगम चुनाव में मतदान से पहले ही सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

Share: