बीकानेर: चप्पल देखकर हुआ अनहोनी का शक, कुंड में तैरता मिला महिला का शव

30 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

चप्पल देखकर हुआ अनहोनी का शक, तलाश की तो पानी के कुंड में तैरता मिला 34 वर्षीय महिला का शव

बीकानेर। जिले के पूगल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चक 4 एसडब्ल्यूएम स्थित पहलवान का बेरा क्षेत्र में 34 वर्षीय महिला की पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गई। महिला के घर से निकलने के बाद काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद कुंड के पास पड़ी चप्पल देखकर अनहोनी की आशंका हुई।

Advertisement

सुबह शौच के लिए घर से निकली थी महिला

जानकारी के अनुसार मृतका मंजू रविवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस घर नहीं लौटी तो उसके पति रामनिवास को चिंता हुई और उन्होंने आसपास महिला की तलाश शुरू की।

कुंड के पास मिली चप्पल, बढ़ी अनहोनी की आशंका

तलाश के दौरान रामनिवास कुंड के पास पहुंचे तो वहां मंजू की चप्पल पड़ी मिली। चप्पल देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुंड में तलाश की गई तो मंजू का शव पानी में मिला।

12 साल पहले हुई थी शादी

रामनिवास के अनुसार उनकी और मंजू की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

Share: