छतरगढ़। छतरगढ़ थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवती के पिता ने बेटी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
19 अगस्त से लापता है 22 वर्षीय युवती
युवती के पिता की रिपोर्ट के अनुसार उनकी 22 वर्षीय पुत्री 19 अगस्त 2026 से लापता है। परिजनों ने युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
रिपोर्ट में बताया गया कि 24 अगस्त को युवती के पिता को जानकारी मिली कि उनकी बेटी को बनवारीलाल पुत्र सरवनराम, उसकी पत्नी तारावती और उनके पुत्र अटल सहारण द्वारा अपने साथ ले जाया गया है।
बेटे के बारे में पूछने पहुंचे तो हुआ विवाद!
रिपोर्ट के मुताबिक सूचना मिलने के बाद युवती के पिता अपने भाई और चाचा सहित कुछ अन्य लोगों के साथ बनवारीलाल के घर पहुंचे। वहां उन्होंने बनवारीलाल के बेटे के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया।
आरोप है कि इस दौरान विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तारावती ने युवती के पिता को जातिसूचक गालियां देते हुए घर से बाहर निकाल दिया। वहीं बनवारीलाल पर थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
एससी-एसटी एक्ट सहित मामला दर्ज
छतरगढ़ पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच खाजूवाला वृत्ताधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस अब युवती के लापता होने के मामले के साथ-साथ शिकायत में लगाए गए भगाकर ले जाने, जातिसूचक गालियां देने और मारपीट के आरोपों की जांच कर रही है।





