नोखा में शिक्षिका के घर चोरी, चोरों ने लॉकर तोड़ा और लाखों का सामान ले उड़े

17 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा। नोखा के जोरावरपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही एक सरकारी शिक्षिका के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर में घुसकर आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी की घटना का पता 15 अगस्त की सुबह उस समय चला, जब शिक्षिका ने आलमारी खोली।

Advertisement

तीन साल से किराए के मकान में रह रही थीं शिक्षिका

घट्टू निवासी शारदा बिश्नोई सरकारी शिक्षिका हैं और पिछले करीब तीन वर्षों से जोरावरपुरा स्कूल के पास नोखा मंडी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही हैं। उनका पुत्र राजवीर नोखा में पढ़ाई करता है। शिक्षिका ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह स्कूल जाते समय घर की चाबी पोर्च में रख देती थीं, क्योंकि उनका पुत्र स्कूल से पहले घर वापस आ जाता था। आरोप है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सुबह आलमारी खोली तो टूटा मिला लॉकर

शारदा बिश्नोई के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे वह तैयार होने के लिए अपनी आलमारी खोलने गईं। आलमारी खोलते ही लॉकर टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने सामान की जांच की तो कई सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली।

सोने-चांदी के गहने और 30 हजार रुपए चोरी

रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब साढ़े तीन भरी का सोने का मादलिया सेट, एक भरी का सोने का झूमरा सेट, सोने की कानों की लटकन, दो सोने की बिंदियां, एक सोने का मंगलसूत्र और एक जोड़ी सोने के लूंग शामिल हैं। इसके अलावा दो जोड़ी चांदी की पायजेब और करीब 30 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात सामने आई है।

अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

शिक्षिका ने नोखा थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी की वारदात से जुड़े सुराग तलाश रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर घर में किस रास्ते से दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया गया। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।

Share: