सालासर से 1 किमी पहले 3 पैदल श्रद्धालुओं को कुचला, तीनों की मौत; अज्ञात वाहन फरार

12 Sep 2026 STATE
Advertisement

सालासर से 1 किमी पहले 3 पैदल श्रद्धालुओं को कुचला, तीनों की मौत; अज्ञात वाहन फरार

चूरू। सालासर में सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों युवकों को शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसा सालासर बालाजी मंदिर से करीब 1 किलोमीटर पहले किशनगढ़-संगारिया स्टेट हाईवे-7 पर रात करीब 11:30 बजे हुआ। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

Advertisement

जायल से पैदल सालासर जा रहे थे तीनों युवक

सालासर थानाधिकारी शंकर लाल भारी के अनुसार हादसे में नागौर जिले के जायल निवासी राजेश भार्गव (27), नटवर भार्गव (29) और विक्रम भार्गव (24) की मौत हुई है। तीनों युवक करीब 80 लोगों के साथ 10 सितंबर को जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे।

साथी रास्ते में रुके, तीनों पहले निकल गए

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात पैदल यात्रियों का समूह सालासर से करीब 11 किलोमीटर पहले गनेड़ी में आराम करने के लिए रुक गया था। इसी दौरान राजेश, नटवर और विक्रम रात में ही सालासर पहुंचने के लिए आगे निकल गए।

इसके बाद सालासर से करीब एक किलोमीटर पहले तीनों हादसे का शिकार हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद तीनों की मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। सालासर थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिसने तीनों पैदल श्रद्धालुओं को टक्कर मारी।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार हादसे की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय हाईवे से कौन-कौन से वाहन गुजरे थे और इनमें से किस वाहन से हादसा हुआ।

सालासर पहुंचने से पहले थम गई यात्रा

तीनों युवक सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। मंदिर से महज करीब एक किलोमीटर पहले हुए हादसे ने यात्रा को दर्दनाक घटना में बदल दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद साथी श्रद्धालुओं में भी शोक का माहौल है।

Share: