बज्जू में सोलर प्लांट को रात में बनाया निशाना, केबल-MC4 सहित सामान ले गए चोर
बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र के भलूरी में एक सोलर प्लांट को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर मध्यरात्रि में प्लांट में घुसे और सोलर केबल, एमसी-4, कंड्यूट पाइप सहित अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। घटना के बाद प्लांट संचालक ने बज्जू थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
रात करीब दो बजे प्लांट में घुसे चोर
आरडी 860 बांगड़सर निवासी रिछपाल सिंह पुत्र रामप्रताप विश्नोई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि भलूरी क्षेत्र में द्वारिका सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से उनका सोलर प्लांट संचालित है। 9 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 2 बजे अज्ञात चोर प्लांट में घुसे और वहां लगे सोलर उपकरण चोरी कर फरार हो गए।
चोरी की जानकारी मिलने के बाद प्लांट संचालक ने 10 सितंबर को बज्जू थाने पहुंचकर पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
विद्युत अधिनियम में मामला दर्ज
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल धर्मवीर को सौंपी गई है।
पुलिस टीम घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ चोरी गए सामान का विवरण भी खंगाल रही है। अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।




