नोखा में दो बहनें गायब, ढाणी से जेवर-नकदी भी गायब; पत्नी और भाभी पर आरोप
नोखा। नोखा थाना क्षेत्र के मोरखाणा गांव में खेत की ढाणी से सोने के आभूषण और 13 हजार रुपए गायब होने का मामला सामने आया है। ढाणी मालिक ने अपनी पत्नी और भाई की पत्नी पर जेवरात व नकदी साथ लेकर चले जाने का आरोप लगाया है। दोनों महिलाओं का अभी तक पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत से लौटे तो ढाणी का दरवाजा खुला मिला
पुलिस के अनुसार मोरखाणा निवासी पोकर सिंह पुत्र भंवर सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि गांव की अगूणी दिशा में उसकी पक्की ढाणी बनी हुई है। वह यहां अपनी 75 वर्षीय माता उछब कंवर, तीन भाइयों नवल सिंह, प्रताप सिंह व श्रवण सिंह, पत्नी सुरज्ञान कंवर और भाई की पत्नी सुशीला कंवर के साथ रहता है।
परिवादी के अनुसार 13 सितंबर को चारों भाई और दोनों बहनें खेत में बाजरी की सीटियां तोड़ने के लिए गए थे। दोपहर करीब 1 बजे सभी खाना खाने के लिए ढाणी लौटे। इस दौरान ढाणी का दरवाजा खुला हुआ मिला। पोकर सिंह ने अपनी पत्नी सुरज्ञान कंवर और भाई की पत्नी सुशीला कंवर को आवाज लगाई, लेकिन दोनों सामने नहीं आईं।
संदूक खुला मिला, कपड़े बिखरे थे
ढाणी के अंदर कमरे में रखी संदूक का ताला खुला हुआ था और कपड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे। जांच करने पर संदूक में रखे सोने के दो गले के हार, दो जोड़ी सोने के बारिये, चार सोने के झूमके, दो सोने की जोधा नथ और 13 हजार रुपए नकद गायब मिले।
ससुराल में भी नहीं पहुंचीं दोनों महिलाएं
इसके बाद पोकर सिंह ने अपने भाई के मोबाइल से ससुराल पक्ष के लोगों को फोन कर पत्नी के बारे में जानकारी ली। वहां से बताया गया कि उसकी पत्नी सुरज्ञान कंवर और भाई की पत्नी सुशीला कंवर बागसरा, तहसील सुजानगढ़ स्थित उनके घर भी नहीं पहुंची हैं।
पत्नी और भाभी पर जेवर-नकदी ले जाने का आरोप
परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सुरज्ञान कंवर और भाई की पत्नी सुशीला कंवर ढाणी में रखे सोने के आभूषण और 13 हजार रुपए नकद साथ लेकर चली गईं। दोनों महिलाओं का अभी तक कोई पता नहीं चला है।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई तुलसीराम को सौंपी गई है। पुलिस दोनों महिलाओं की तलाश करने के साथ ही जेवर और नकदी गायब होने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नोट: महिलाओं पर जेवर-नकदी ले जाने का आरोप परिवादी ने लगाया है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।




