बीकानेर बॉर्डर पर 50 करोड़ की हेरोइन पकड़ी! पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई थी खेप
Bikaner News। बीकानेर संभाग से लगते पाकिस्तान बॉर्डर इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की है।
यह कार्रवाई आईजी बीकानेर ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम और डीएसटी ने मिलकर करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
ड्रोन से पाकिस्तान से गिराई गई थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नशीली खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमावर्ती इलाके में गिराई गई थी। इसके बाद राजस्थान और पंजाब के तस्कर नेटवर्क द्वारा इसे उठाकर पंजाब पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि यह खेप पंजाब के बड़े ड्रग नेटवर्क तक पहुंचाई जानी थी, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई और समय रहते जैतसर क्षेत्र के पास कार्रवाई कर दी गई।
तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने मौके से कुछ तस्करों को गिरफ्तार किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां सप्लाई की जानी थी।
गौरतलब है कि बीकानेर बॉर्डर क्षेत्र में पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। कुछ समय पहले खाजूवाला क्षेत्र में भी करोड़ों रुपए की हेरोइन बरामद की गई थी।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।




