बीकानेर बाल सुधार गृह से 3 बालक फरार, ताला-चाबी लेकर भागे; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बीकानेर: गजनेर रोड स्थित बाल सम्प्रेषण गृह से तीन बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना 3 सितंबर की रात करीब 11:05 से 11:11 बजे के बीच की बताई जा रही है। मामले में बाल अधिकारिता विभाग के बाल अधिकारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी राजेश चौधरी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्य गेट का ताला और चाबी लेकर फरार होने का आरोप
परिवादी राजेश चौधरी पुत्र हुक्मचंद चौधरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह वर्तमान में बाल सम्प्रेषण गृह एवं पर्यवेक्षण गृह में बाल अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। रिपोर्ट के अनुसार 3 सितंबर की रात मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था के दौरान कुछ संघर्षरत बालकों ने कथित तौर पर संस्था की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और मुख्य गेट का ताला एवं उसकी चाबी का गुच्छा अपने साथ लेकर परिसर से फरार हो गए।
घटना के बाद तीन बालकों के फरार होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फरार हुए बालकों में कुछ की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, जबकि कुछ नाबालिग हैं। आरोप है कि बालिग बालक नाबालिग बालकों को भी अपने साथ लेकर परिसर से बाहर निकल गए।
घटना के समय दो सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर थे
रिपोर्ट के मुताबिक घटना के समय मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड मोहम्मद हारुन पुत्र मोहम्मद सफी निवासी नरूानी मस्जिद, रानीसर बास, बीकानेर और फिरोज पुत्र बिलाल अहमद निवासी चुंगी चौकी, बीकानेर ड्यूटी पर तैनात थे। घटना के बाद प्रथम दृष्टया सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
बाल सम्प्रेषण गृह जैसी संवेदनशील संस्था से बालकों के इस तरह बाहर निकल जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका और कथित लापरवाही के पहलू की भी जांच कर रही है।
कैसे गेट तक पहुंचे, ताला-चाबी कैसे मिली?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरार हुए बालक मुख्य गेट तक कैसे पहुंचे और गेट का ताला तथा चाबी उनके हाथ कैसे लगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संस्था की संपत्ति को किस तरह नुकसान पहुंचाया गया और फरार होने के बाद बालक किस दिशा में गए।
घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
फरार बालकों की तलाश में जुटी पुलिस
सदर थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार हुए बालकों का पता लगाने और उन्हें दस्तयाब करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाल सम्प्रेषण गृह से बालकों के फरार होने में किस स्तर पर लापरवाही हुई और मुख्य गेट का ताला व चाबी उनके हाथ कैसे लगी।





