कोलायत में खेत की सीमा को लेकर खूनी संघर्ष! वर्छी-कुल्हाड़ी से हमला, ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप
श्रीकोलायत। कोलायत थाना क्षेत्र के खेतोलाई भुर्ज और दियातरा इलाके में खेत की सीमा और निशानात को लेकर चल रहा विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोलायत थाने में परस्पर मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं। एक पक्ष ने वर्छी, कुल्हाड़ी और लोहे के सरिए से हमला करने तथा ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष ने खेत की पट्टी तोड़ने, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी और मोटरसाइकिल तोड़ने के आरोप लगाए हैं।
वर्छी, कुल्हाड़ी और सरिए से हमला करने का आरोप
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार खेतोलाई भुर्ज निवासी देवी सिंह पुत्र दीप सिंह ने 4 सितंबर 2026 को कोलायत थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि चक माधोगढ़ की रोही में उसकी खातेदारी भूमि है। भूमि की सीमा को लेकर पड़ोसी खातेदार केशुराम, पुनमराम, थानाराम, मुरलीधर और गणेश पुत्रगण चिमाराम निवासी दियातरा के साथ विवाद चल रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार करीब पांच दिन पहले देवी सिंह की ओर से खेत में लगाए गए टुकड़ों को आरोपियों ने कथित रूप से हटा दिया था। इसी विवाद को लेकर पंचायत भी रखी गई थी, जिसमें समाज और गांव के मौजिज लोगों को बुलाया गया था। साथ ही पटवारी के माध्यम से भूमि के निशानात कायम करवाने की बात रखी गई थी।
सिर पर वर्छी और कुल्हाड़ी से वार का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार 2 सितंबर 2026 को करीब दो बजे कैलाश उर्फ किशोर कुमार और उसका भाई प्रभु सिंह सहित अन्य लोग देवी सिंह के खेत पर पहुंचे। आरोप है कि पूर्व रंजिश को लेकर केशुराम ने प्रभु सिंह के सिर पर जान से मारने की नीयत से वर्छी से हमला किया। वहीं गणेश पर किशोर कुमार के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप लगाया गया है।
इसके बाद पुनमराम, थानाराम और मुरलीराम द्वारा देवी सिंह पर लोहे के सरिए से हमला करने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक मारपीट के दौरान पीड़ित पक्ष वहां से भागने लगा तो आरोप है कि मेशी ट्रैक्टर 245 से उन्हें कुचलने और जान से मारने का प्रयास किया गया। इसी दौरान गांव के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
दो लोग गंभीर घायल, PBM रेफर
घटना में किशोर कुमार और प्रभु सिंह के सिर में गंभीर चोटें आने की बात रिपोर्ट में कही गई है। दोनों को उपचार के लिए कोलायत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे इलाज के लिए PBM अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया मुकदमा
इसी घटनाक्रम को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से भी कोलायत थाने में परस्पर मामला दर्ज करवाया गया है। दियातरा निवासी केशुराम पुत्र चीमाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 2 सितंबर 2026 को रात करीब 2 बजे वह अपने खेत पर था। इसी दौरान खेतोलाई भुर्जी निवासी देवसिंह पुत्र दीपसिंह, छैलूसिंह पुत्र देवीसिंह, प्रभुसिंह पुत्र देवीसिंह तथा एक अन्य व्यक्ति कथित रूप से विवाद करने पहुंचे।
खेत की पट्टी तोड़ने और मारपीट का आरोप
केशुराम की शिकायत के अनुसार आरोपी लोहे की सरियों और गाड़ी सहित खेत में आए तथा खेत की पट्टी तोड़ दी। आरोप है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए जातिसूचक गालियां दीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के दौरान उसने और उसके परिवार ने बचाव किया और वहां से निकल गए। आरोप है कि खेत में खड़ी मोटरसाइकिल को भी तोड़ दिया गया। वहीं शिकायत में केशुराम के भाई मुरलीधर के शरीर में गंभीर चोटें आने और चोटों के कारण चलने-फिरने में परेशानी होने का भी उल्लेख किया गया है।
दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच
खेत की सीमा और निशानात को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की ओर से दर्ज मुकदमों के बाद पुलिस जांच के दायरे में है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस घटनास्थल की स्थिति, घायलों की मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
दोनों प्रकरणों की जांच आरपीएस प्रशिक्षु जयपाल सिंह जैतावत को सौंपी गई है। पुलिस जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





