बीकानेर में 13 करोड़ से ज्यादा के नशीले पदार्थ नष्ट, 45 मामलों का माल किया डिस्पोज

31 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में की गई।

पुलिस के अनुसार कुल 45 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इनमें 1091 किलोग्राम डोडा पोस्त, 17 किलोग्राम गांजा, 512 ग्राम एमडी, 285 ग्राम स्मैक, 132 ग्राम अन्य मादक पदार्थ तथा 50 हजार से अधिक नशीली गोलियां शामिल थीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 13 करोड़ 13 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस निरीक्षक अपराध शाखा सुभाष बिजारणियां सहित जगदीश, सुगनचंद, श्रवण कुमार और सुनील कुमार मौजूद रहे।

बीकानेर पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share: