बैंक कर्मचारी बनकर मांगा OTP, महिला के क्रेडिट कार्ड से 2.63 लाख उड़ाए

04 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

बैंक कर्मचारी बनकर मांगा OTP, महिला के क्रेडिट कार्ड से 2.63 लाख उड़ाए

बीकानेर। खुद को बैंक कर्मचारी बताकर एक महिला से ओटीपी हासिल कर उसके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 63 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। घटना 26 अगस्त की शाम साले की होली क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले में साले की होली निवासी मंजू देवी ने नयाशहर पुलिस थाने में आसुसिंह नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

Advertisement

क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर किया फोन

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थिया का एक्सिस बैंक की शाखा में खाता है और उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट पांच लाख रुपए से अधिक है। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट लिमिट बढ़ाने की बात कही।

OTP बताते ही खाते से निकल गए 2.63 लाख

महिला के अनुसार आरोपी ने क्रेडिट लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया के नाम पर उसके मोबाइल पर आया OTP मांगा। बैंक कर्मचारी समझकर महिला ने उसे ओटीपी बता दिया। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 63 हजार रुपए निकाल लिए गए।

फोन किया तो मोबाइल मिला बंद

क्रेडिट कार्ड से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद महिला ने आरोपी से संपर्क करने के लिए उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया। हालांकि आरोपी का मोबाइल बंद मिला। इसके बाद महिला ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज करवाई।

नयाशहर पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले में नयाशहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फोन कॉल, मोबाइल नंबर और लेन-देन से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

OTP किसी से शेयर न करें

बैंक या किसी भी वित्तीय संस्था के नाम पर फोन कर OTP, PIN, CVV या अन्य गोपनीय जानकारी मांगना साइबर ठगी का तरीका हो सकता है। ऐसे मामलों में बैंक कर्मचारी समझकर भी OTP साझा नहीं करना चाहिए और संदिग्ध कॉल की जानकारी संबंधित बैंक को देनी चाहिए।

Share: