बीकानेर में 37 घरेलू गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप पकड़ी, अवैध परिवहन का बड़ा खुलासा
बीकानेर, 4 अगस्त। गंगाशहर थाना पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के परिवहन और उपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 37 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं एलपीजी (वितरण का विनियमन) आदेश, 2000 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि 3 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर गंगाशहर थाना पुलिस ने उदयरामसर बाईपास के निकट एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में कुल 37 घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिनमें 35 भरे हुए और 2 खाली थे। सभी सिलेंडरों पर भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) का अंकन पाया गया।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने बताया कि वह सिलेंडरों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य करता है। हालांकि वह सिलेंडरों के परिवहन और उपयोग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, बिल, वाउचर या गेटपास प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक एवं अनधिकृत उपयोग के संकेत मिलने पर पुलिस ने सभी 37 सिलेंडर जब्त कर लिए।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस और रसद विभाग अब सिलेंडरों के स्रोत, इनके अवैध उपयोग तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं।



