बीकानेर में विवाहिता और बेटी के लापता मामले में नया मोड़, पति ने जताई धर्म परिवर्तन की आशंका
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में विवाहिता और उसकी 5 वर्षीय बेटी के घर से चले जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। परिवार ने मामले में धर्म परिवर्तन की आशंका जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार 16 जून को 32 वर्षीय विवाहिता अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों ने गंगाशहर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने विवाहिता को लखनऊ में तलाश लिया, लेकिन उसने वापस आने से इनकार कर दिया।
सोशल मीडिया दोस्ती के बाद बदला घटनाक्रम
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता की सोशल मीडिया के जरिए गाजियाबाद निवासी गुलबहार उर्फ मायरा खान से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि गुलबहार बीकानेर आई और कुछ दिन यहां रुकने के बाद विवाहिता और उसकी बेटी को अपने साथ लखनऊ ले गई।
परिवार का कहना है कि बस टिकट भी गुलबहार की ओर से बुक कराया गया था। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए इस्तगासा पेश किया है।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
विवाहिता के पति का कहना है कि उसकी पत्नी और बेटी किसी गलत प्रभाव में आ गई हैं। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि पत्नी और बेटी को सुरक्षित वापस लाया जाए।
पति ने आरोप लगाया कि लखनऊ में पुलिस द्वारा तलाश किए जाने के दौरान पत्नी डरी हुई नजर आ रही थी और उसने वापस आने से मना कर दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि विवाहिता को लखनऊ में ट्रेस कर लिया गया है। उसने अपनी इच्छा से वहीं रहने की बात कही है।
वहीं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि परिवार की ओर से लगाए गए आरोप जांच का विषय हैं। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।



