बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में एक मोबाइल रिपेयर दुकानदार और उसके भाई के अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट करने, फर्जी वीडियो बनवाकर ब्लैकमेल करने तथा दो लाख रुपये की कथित अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गेमनापीर रोड निवासी 27 वर्षीय चंद्रप्रकाश स्वामी ने रिपोर्ट में बताया कि वह जैन मार्केट स्थित दुकान नंबर-2 पर मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य करता है। करीब डेढ़-दो माह पहले आरोपी राजेंद्र प्रजापत अपनी बंद मोबाइल ठीक कराने आया था। मोबाइल ठीक नहीं होने पर वापस लौटा दिया गया, जिससे नाराज होकर आरोपी ने कथित रूप से तीन लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी थी।
रिपोर्ट के अनुसार 31 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से फोन कर चंद्रप्रकाश को तोलियासर भैरूजी के पास बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद राजेंद्र प्रजापत, अमित और सूरज ने उसे जबरन एक टाटा वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके भाई रामनारायण स्वामी को भी बुलाकर जबरन वाहन में बैठा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों भाइयों को गाढ़वाला रोड होते हुए केसरदेसर जातान क्षेत्र के एक सुनसान खेत में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान उनसे दो फर्जी वीडियो भी बनवाए गए और पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने ₹2 लाख वसूले। इनमें ₹50 हजार फोनपे के माध्यम से ट्रांसफर कराए गए, जबकि शेष ₹1.50 लाख नकद मंगवाए गए। पीड़ित ने दावा किया है कि नकदी लेने आए व्यक्ति की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित के अनुसार रात करीब 9:45 बजे आरोपियों ने दोनों भाइयों को घड़सीसर पुलिया के पास छोड़ दिया और शिकायत करने पर जान से मारने तथा हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी।
कोटगेट थाना पुलिस ने राजेंद्र प्रजापत, अमित, सूरज तथा अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सब-इंस्पेक्टर राधेश्याम को सौंपी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




