नशे में युवकों का हंगामा, तीन लोगों से मारपीट; जान से मारने की धमकी का आरोप

03 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

मोहता चौक में नशे में युवकों का हंगामा, तीन लोगों से मारपीट; जान से मारने की धमकी का आरोप

बीकानेर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहता चौक में नशे की हालत में कुछ युवकों द्वारा एक राय होकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना 2 सितंबर की बताई जा रही है। मामले में मोहता चौक निवासी नवीन जोशी पुत्र श्याम सुंदर जोशी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

नशे की हालत में आए युवकों पर मारपीट का आरोप

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार योगराज छंगाणी, राधे भादाणी, गौतम भादाणी सहित अन्य युवक कथित तौर पर नशे की हालत में वहां आए और नवीन जोशी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान बीच-बचाव करने आए उनके भाई गौरव जोशी और सत्यनारायण बिस्सा के साथ भी मारपीट की गई।

सिर में चोट लगने से खून निकलने का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार मारपीट के दौरान नवीन जोशी के सिर में चोट लगी, जिससे खून निकलने लगा। वहीं उनके भाई गौरव जोशी के शरीर पर भी चोटें आईं। इसके अलावा सत्यनारायण बिस्सा के सिर और कान में चोट लगने का आरोप लगाया गया है।

शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोग

पीड़ित पक्ष के अनुसार मारपीट के दौरान उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और उनके चाचा मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।

घटना के बाद घायलों ने अस्पताल पहुंचकर उपचार करवाया। पीड़ित पक्ष ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपी जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिवादी नवीन जोशी की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई मुकेश को सौंपी गई है। पुलिस मारपीट की घटना, चोटों और लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है।

Share: