Bikaner News: ACB का बड़ा एक्शन! बीज निगम निदेशक से जुड़े मामले में 1.30 करोड़ रुपए बरामद, बस में ले जा रहा था युवक
Bikaner News: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई से जुड़े मामले में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई बीकानेर और श्रीगंगानगर में एक साथ की गई, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार एसीबी को शिकायत मिली थी कि बेनामी संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े कुछ लोग बड़ी मात्रा में नकदी को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एसीबी ने निगरानी शुरू की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी की टीम ने लूणकरणसर थाना क्षेत्र के पास एक रोडवेज बस में सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उसके पास रखे बैग और गत्ते के बॉक्सों से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह राशि श्रीगंगानगर पहुंचाई जानी थी।
बस से नकदी बरामद होने के बाद एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 45 लाख रुपए नकद और बरामद किए गए। दोनों जगहों से मिली राशि को मिलाकर कुल बरामदगी 1.30 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही जुगल किशोर बिश्नोई से भी बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
जांच एजेंसी इस पूरे मामले को केवल नकदी बरामदगी तक सीमित नहीं मान रही है। एसीबी बेनामी संपत्ति, आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के विभिन्न पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।




