Bikaner News: भैरू कुटिया के पास जुए का बड़ा फंड पकड़ा, 6 जुआरी गिरफ्तार; 1 लाख रुपए नकद बरामद
Bikaner News: बीकानेर में जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब एक लाख रुपए की नकदी और जुए में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी (RPS) ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरू कुटिया तालाब के पास सुनसान इलाके में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से नासिर हुसैन, इरफान, सोफिन सहित कुल छह जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से जुए में लगाई गई करीब एक लाख रुपए की नकदी और जुए का अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाधिकारी ने बताया कि यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले शुक्रवार रात को भी नयाशहर पुलिस ने जुए के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अन्य स्थान पर छापा मारा था, जहां से करीब 50 हजार रुपए की जुआ राशि के साथ कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि नयाशहर थाना पुलिस जुए और सट्टे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।




