Bikaner News: तेज रफ्तार पानी का टैंकर पलटा, बिजली का पोल टूटा; वृद्ध महिला की बाल-बाल बची जान
बीकानेर: रामपुरा बस्ती की गली नंबर-1 में रविवार को तेज रफ्तार पानी का ट्रैक्टर-टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बड़ा नुकसान होने से बच गया, लेकिन बिजली का खंभा टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार शास्त्री स्कूल के पास गिरधारी लाल मोदी के घर के सामने यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर-टैंकर का पिछला हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा दो हिस्सों में टूट गया।
वृद्ध महिला की बाल-बाल बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक गली में तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान ट्रॉली की क्लिप सही तरीके से नहीं लगी होने के कारण वह खुल गई और ट्रैक्टर-टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के दौरान ट्रैक्टर का अगला हिस्सा एक वृद्ध महिला के ऊपर गिरते-गिरते बचा। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई।
चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभाला और ट्रैक्टर मालिक को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद पहुंचे मालिक ने नुकसान की भरपाई और सुधार का आश्वासन दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली का खंभा टूटने से क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद हो गई। टूटे तारों के कारण हाई वोल्टेज करंट का खतरा भी बना रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लापरवाह चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




