बीकानेर में नशा बेचने का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, पीबीएम में भर्ती

09 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में नशा बेचने का विरोध पड़ा भारी: युवक पर चाकुओं से हमला, पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित सोनगिरी कुआं इलाके में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घर लौट रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान इरफान चौहान पुत्र कुदरत अली चौहान निवासी सोनगिरी कुआं के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। हमले में उसके हाथ और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।

परिजनों का आरोप है कि इलाके में कुछ लोग लंबे समय से खुलेआम नशे का कारोबार कर रहे हैं। इरफान लगातार इसका विरोध करता था और मोहल्ले में नशा नहीं बेचने की बात कहता था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे निशाना बनाया।

परिजनों के अनुसार बीती रात इरफान को अकेला देखकर आरोपियों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल इरफान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घायल युवक के भाई ने कहा कि नशा बेचने वाले लोग इतने बेखौफ हो चुके हैं कि विरोध करने वालों पर जानलेवा हमले कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से नशे का कारोबार चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते नशा कारोबारियों पर कार्रवाई होती तो इस प्रकार की घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना को लेकर नयाशहर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share: