बीकानेर में शहरी सेवा शिविरों की तैयारी तेज, जिला कलक्टर ने नियुक्त किए प्रभारी अधिकारी
Bikaner News: राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर-2026 को सफल बनाने के लिए बीकानेर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर श्री निशांत जैन ने शिविरों के प्रभावी संचालन के लिए नगरीय निकायों में शिविर प्रभारी और सहायक शिविर प्रभारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
सिद्धार्थ पलानीचामी बनाए गए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार नगर निगम आयुक्त एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी को शहरी सेवा शिविरों के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं नगर निगम बीकानेर के लिए आयुक्त नगर निगम को शिविर प्रभारी तथा उपायुक्त नगर निगम को सहायक शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इन निकायों में अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नगरपालिका नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, लूणकरणसर, खाजूवाला और नापासर में संबंधित उपखंड अधिकारियों को शिविर प्रभारी तथा अधिशासी अधिकारियों को सहायक शिविर प्रभारी बनाया गया है।
शिविर से पहले प्रकरणों की होगी जांच
आदेश में निर्देश दिए गए हैं कि शिविर प्रभारी शिविरों में आने वाले प्रकरणों को पहले से चिन्हित करवाएंगे। इसके लिए अग्रिम दल शिविर से दो दिन पहले मौके पर जाकर प्रकरणों की पूरी जांच करेगा, ताकि शिविर दिवस पर अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।
नियमित समीक्षा कर भेजनी होगी रिपोर्ट
शिविर प्रभारी अपने स्तर पर आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति करेंगे और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेंगे। साथ ही आयोजित शिविरों की रिपोर्ट जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को भेजनी होगी।




