बीकानेर में पानी को लेकर हाहाकार! करोड़ों की टंकियां बनीं, लेकिन नलों में नहीं पहुंचा एक बूंद पानी
बीकानेर. बीकानेर शहर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर के अनेक क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि जिन इलाकों में नई पानी की टंकियां बन चुकी हैं, वहां भी पाइपलाइन का काम पूरा नहीं होने के कारण लोगों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नई टंकियां बनीं, लेकिन पाइपलाइन नहीं
शहर के कई हिस्सों में करोड़ों रुपये खर्च कर नई पेयजल टंकियों का निर्माण किया गया, लेकिन उनसे घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। ऐसे में टंकियां बनने के बावजूद लोगों को पानी के लिए टैंकरों और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा संकट
जल संकट को लेकर अंत्योदय नगर, बंगला नगर और सर्वोदय बस्ती के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्कूल भी संकट की चपेट में
पेयजल संकट का असर सरकारी और निजी स्कूलों पर भी देखने को मिल रहा है। पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण स्कूल प्रशासन को टैंकरों के जरिए पानी मंगवाना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बच्चों को पीने के लिए टैंकर का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता को लेकर अभिभावकों ने भी चिंता जताई है।
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग से नई बनी पेयजल टंकियों को जल्द से जल्द पाइपलाइन से जोड़कर नियमित जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अस्थायी व्यवस्थाओं के बजाय स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।




