विश्व साइकिल दिवस पर बीकानेर में निकलेगी विशाल साइकिल रैली, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे शुभारंभ
बीकानेर, 6 जून। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 7 जून को जिला मुख्यालय पर विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।
जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि साइकिल रैली का शुभारंभ प्रातः 6 बजे गंगा थिएटर, पब्लिक पार्क से होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल होंगे।
हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना
इस रैली में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, साइकिल चालक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक भाग लेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और खेल विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा भी विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राज्यभर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में बीकानेर जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है।
यह रहेगा साइकिल रैली का रूट
जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा के अनुसार रैली गंगा थिएटर, पब्लिक पार्क से शुरू होकर जूनागढ़ फोर्ट, तीर्थम चौक, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, वीर दुर्गादास सर्किल, म्यूजियम सर्किल, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, भ्रमण पथ, गांधी पार्क और विजय कीर्ति स्तंभ होते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंचेगी।
विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, खेल विभाग तथा अन्य सरकारी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभागवार सहभागिता लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं।
रैली में पुलिस विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, बीकानेर विकास प्राधिकरण, जिला परिषद, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न सरकारी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।
फिट इंडिया का संदेश पहुंचाने का आह्वान
जिला प्रशासन एवं आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल साइकिलिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि "फिट इंडिया, स्वस्थ भारत" के राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
आयोजन के दौरान यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और उत्साहपूर्ण वातावरण मिल सके।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली बीकानेर में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।




