बीकानेर में अवैध हथियार पर बड़ी कार्रवाई! 24 साल पुरानी बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार
छतरगढ़: बीकानेर जिले की छतरगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 12 बोर की अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बंदूक जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि सादोलाई गांव से करीब एक किलोमीटर पहले एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई रामचरण मीणा के नेतृत्व में कांस्टेबल पारस और राजेंद्र की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
12 बोर की बंदूक बरामद
तलाशी के दौरान युवक के पास से 12 बोर की बंदूक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बरियाम (46) पुत्र अल शेर निवासी सादोलाई के रूप में बताई।
दादा के नाम था लाइसेंस, 2002 के बाद नहीं कराया नवीनीकरण
आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद बंदूक उसके दादा ताजू खां के नाम लाइसेंसशुदा थी, लेकिन वर्ष 2002 में उनके निधन के बाद लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया। आरोपी पुलिस के समक्ष बंदूक से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने बंदूक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार एएसआई रामचरण मीणा द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ यह लगातार तीसरी सफल कार्रवाई है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



