युवक के कथित अपहरण के बाद मांगी 3 लाख की फिरौती, पुलिस जांच में जुटी
छत्तरगढ़. छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक के कथित अपहरण कर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चक 13 केपीडी जियावाली निवासी चेन सिंह पुत्र बालू सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र इन्द्रपाल सिंह 27 जून 2026 को घुड़साल (हरियाणा) जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
मां के मोबाइल पर आया कॉल, मांगी 3 लाख की फिरौती
परिवादी के अनुसार, 28 जून को इन्द्रपाल सिंह ने अपनी मां के मोबाइल पर अपने ही नंबर से फोन किया। उसने बताया कि कुछ लोगों ने उसे बंधक बना रखा है। फोन पर उसकी रिहाई के बदले 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर युवक की हत्या करने की धमकी भी दी गई।
फोन पर युवती की भी सुनाई दी आवाज
रिपोर्ट में बताया गया है कि बातचीत के दौरान एक युवती की आवाज भी सुनाई दी, जो कह रही थी कि यदि युवक की जान बचानी है तो पैसों की व्यवस्था कर दिल्ली पहुंचाई जाए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात आरोपी उनके पुत्र को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छत्तरगढ़ थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई राजेश कर रहे हैं।




