श्रीकोलायत: राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह-2026 के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 14 अगस्त को श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर में प्रस्तावित दौरा है। मुख्यमंत्री प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही मेघासर में आयोजित प्रस्तावित विशाल आमसभा को भी संबोधित करेंगे।
CM के दौरे से पहले तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा बीकानेर देहात संगठन के पदाधिकारियों के साथ मेघासर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। विधायक भाटी ने प्रस्तावित आमसभा स्थल का मौका निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
हेलीपैड के लिए भी स्थान का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जनसभा स्थल के साथ मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड के स्थान का भी निरीक्षण एवं चयन किया गया। विधायक भाटी ने अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, मंच और आमजन के बैठने सहित कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
‘CM का आगमन कोलायत के लिए गौरव का विषय’
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मेघासर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आगमन पूरे कोलायत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह के तहत आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने वाला अवसर है।
उन्होंने कहा कि ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा और इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
विधायक भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संगठन के स्तर पर समन्वित रूप से तैयारियां की जा रही हैं। उद्देश्य है कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन गरिमापूर्ण एवं ऐतिहासिक रूप से सफल हो।
उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से भी आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटने तथा अधिक से अधिक संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एडीशनल एसपी ग्रामीण बी.एल. मीणा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, सरपंच आसकरण उपाध्याय, नथमल उपाध्याय, हाडला सरपंच जयसिंह भाटी, भोलासर सरपंच पवन जोशी, भाजपा नेता महावीर सिंह चारण, मगेज सिंह भाटी, मोहन उपाध्याय, हरि उपाध्याय एवं जेठमल भेलू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




