बीकानेर: बीकानेर रेंज पुलिस का नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में रेंज के चारों जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने करीब 200 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों को नष्ट करवाया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आईजी ओमप्रकाश की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर और हनुमानगढ़ एसपी बी. आदित्य की मौजूदगी में जब्त किए गए मादक पदार्थों को राजियासर स्थित सीमेंट फैक्ट्री में नष्ट करवाया गया।
75 किलो से अधिक हेरोइन नष्ट
श्रीगंगानगर पुलिस द्वारा कुल 10 प्रकरणों में जब्त की गई 75 किलो से अधिक हेरोइन को नष्ट करवाया गया। इसके अलावा जिले के 91 मुकदमों में जब्त करीब 9 किलो स्मैक/हेरोइन, 3 किलो गांजा, 672 किलो डोडा पोस्त और 1700 नशीली गोलियों का भी निस्तारण किया गया।
हनुमानगढ़ में 5 किलो एमडी नष्ट
वहीं हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से वाणिज्यिक मात्रा से जुड़े एक प्रकरण में जब्त 5 किलो एमडी को भी नष्ट करवाया गया। पुलिस के अनुसार रेंज स्तर पर कुल 102 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया है।
बॉर्डर पार से आने वाली हेरोइन पर भी निगरानी
बीकानेर रेंज के सीमावर्ती क्षेत्रों में बॉर्डर पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस टीमों की ओर से तस्करी के संभावित नेटवर्क और मार्गों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
बीकानेर रेंज पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




