देशनोक में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और पोतों पर हमला, एक युवक के दोनों पैर टूटने का आरोप
बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के नृसिंहों का बास में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनके दो पोतों पर लाठी, सरियों और पाइप से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नृसिंहों का बास निवासी 73 वर्षीय मनोहरी देवी पत्नी मांगीलाल सुथार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह अपने पति मांगीलाल सुथार तथा पोते करण सुथार और कुलदीप सुथार के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान आरोपी अमनदान, पिनू और अशोकदान कैंपर गाड़ी लेकर जबरन उनके घर में घुस आए।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि तीनों आरोपियों ने पाइप, लाठियों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में करण सुथार के दोनों पैर टूट गए, जबकि मांगीलाल सुथार की कमर पर गंभीर चोटें आईं। मनोहरी देवी के पैरों पर भी लाठियों से वार किए गए। वहीं कुलदीप सुथार पर कैंपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे बचने के दौरान उसके हाथों में चोटें आईं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद देर रात करीब 2 बजे मुख्य आरोपी दो-तीन अन्य लोगों के साथ दोबारा घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
देशनोक थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल जितेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




