जसरासर में डंपर चालक और भाई से मारपीट, रॉयल्टी पर्ची फाड़ी और 5 हजार रुपए छीनने का आरोप
Bikaner News: बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र में डंपर चालक और उसके भाई के साथ मारपीट करने, रॉयल्टी पर्ची फाड़ने और रुपए छीनने का मामला सामने आया है। घटना कुचोर आथूनी के पास हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जेसीबी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जेसीबी लगाकर रोका डंपर का रास्ता
देसलसर निवासी सुनील जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 13 जून की रात वह अपने बड़े भाई केसु राम के साथ डंपर में बजरी भरकर जा रहे थे। इसी दौरान कुचोर आथूनी के पास एक जेसीबी ने उनके डंपर के आगे आकर रास्ता रोक दिया।
रॉयल्टी पर्ची फाड़ने और मारपीट का आरोप
आरोप है कि जेसीबी से श्यामसुंदर बिश्नोई, बाबूलाल नायक और एक अन्य व्यक्ति नीचे उतरे। उन्होंने डंपर चालकों से रॉयल्टी पर्ची मांगी और उसे फाड़ दिया। इसके बाद दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने सुनील की जेब से 5 हजार रुपए भी निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जेसीबी की जब्त, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर जसरासर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी को जब्त कर लिया है।
मामले की जांच एएसआई सेवाराम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीकानेर की ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें।




