Kolayat News: अतिवृष्टि का कहर! श्रीकोलायत में 15 बकरियों की दर्दनाक मौत, पशुपालक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
श्रीकोलायत: बीकानेर जिले के श्रीकोलायत क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने एक गरीब पशुपालक परिवार की जिंदगी पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। 4 जून की रात हुई अतिवृष्टि और जलभराव के कारण ग्राम पंचायत मंडाल चारणान निवासी हुकमाराम पुत्र पूर्णाराम मेघवाल की 15 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीनो ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चक बिठनोक स्थित ढाणी में रहने वाले हुकमाराम मेघवाल का परिवार मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर है। बुधवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते ढाणी के आसपास जलभराव की स्थिति बन गई। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया और बाड़े में पानी भर जाने से 15 बकरियां उसकी चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि मृत बकरियों की कीमत लाखों रुपए तक पहुंच सकती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है।
ग्रामीणों ने जताई संवेदना
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। गांव के लोगों ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि हुकमाराम का परिवार पहले से ही सीमित संसाधनों में जीवन यापन कर रहा था। ऐसे में 15 बकरियों की मौत उनके लिए किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है।
सरपंच प्रतिनिधि ने की मुआवजे की मांग
सरपंच प्रतिनिधि शिव मेघवाल ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए इस नुकसान का राजस्व विभाग द्वारा तत्काल सर्वे करवाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न राहत योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।




