नोखा में 45 वार्डों में वोटिंग शुरू, वार्ड 9 में लंबी कतार; वार्ड 32 में बहस से हलचल
नोखा। नोखा नगरपालिका चुनाव 2026 के तहत शुक्रवार सुबह शहर के 45 वार्डों में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 7 बजे से ईवीएम के माध्यम से वोटिंग शुरू होते ही मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। शहर में नगरपालिका की नई सरकार चुनने को लेकर लोगों में उत्साह नजर आ रहा है।
नोखा नगरपालिका क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 80 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह से ही इन केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के एजेंट भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं।
45 वार्डों में 141 प्रत्याशी मैदान में
नोखा नगरपालिका के 45 वार्डों में कुल 141 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर मतदाताओं के रुझान पर टिक गई है। स्थानीय स्तर पर भाजपा और सीपीआईएम (विकास मंच) के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, जिससे कई वार्डों में मुकाबला रोचक बना हुआ है।
वार्ड 9 में मतदान धीमा, डेढ़ घंटे तक इंतजार की बात
मतदान के शुरुआती घंटों में वार्ड नंबर 9 से मतदान धीमा होने की जानकारी सामने आई है। प्रत्याशी सुखराम भादू ने बताया कि सुबह से मतदान की रफ्तार धीमी है। उनके अनुसार कुछ मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
मतदान की धीमी गति के कारण बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगने की जानकारी है। हालांकि मतदान प्रक्रिया जारी है।
वार्ड 32 में मामूली बहस से हलचल
नोखा के वार्ड नंबर 32 में मतदान के दौरान मामूली बहस होने की जानकारी सामने आई। मौके पर तैनात सीआई ईश्वर जांगिड़ ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया जारी रही। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा।
वार्ड 32 से नारायण झंवर की धर्मपत्नी संतोष झंवर चुनाव मैदान में हैं। मतदान के दौरान नारायण झंवर सहित उनके समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे।
पूर्व विधायक बिहार बिश्नोई मौके पर पहुंचे
वार्ड 32 में हुई बहस की जानकारी के बाद पूर्व विधायक बिहार बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांत रहने और मतदाताओं को शांतिपूर्वक मतदान करने देने का आग्रह किया।
पुलिस की मौजूदगी और समझाइश के बाद मौके पर स्थिति शांत रही और मतदान प्रक्रिया जारी रही।
मतदान केंद्रों पर एजेंट भी संभाल रहे जिम्मेदारी
नोखा के सभी मतदान केंद्रों पर प्रत्याशियों के एजेंट सुबह से ही मौजूद हैं। एजेंट अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। वहीं प्रशासन और पुलिस की ओर से भी मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। वार्ड 9 में धीमी वोटिंग और वार्ड 32 में मामूली बहस के अलावा फिलहाल नोखा में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहने की जानकारी है।
अब मतदाताओं के रुझान पर नजर
नोखा नगरपालिका चुनाव में 45 वार्डों के 141 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य मतदाता तय कर रहे हैं। मतदान शुरू होने के साथ ही भाजपा, सीपीआईएम (विकास मंच) और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के रुझान को लेकर आकलन करने में जुट गए हैं।
अंतिम नतीजे मतगणना के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल शहर में मतदान का दौर जारी है और सभी की नजरें वोटिंग प्रतिशत तथा अलग-अलग वार्डों में मतदाताओं की भागीदारी पर बनी हुई हैं।





