नोखा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने 25 और 26 जुलाई को लगातार दो दिनों तक सघन कार्रवाई करते हुए 16 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान पुलिस ने ₹1.17 लाख नकद, एक एयर गन, अन्य संदिग्ध सामग्री तथा कई वाहनों को जब्त किया है।
पहले दिन चार संदिग्ध गिरफ्तार, एयर गन बरामद
थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद ने बताया कि 25 जुलाई को नाकाबंदी के दौरान एक किया कार में सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से एक एयर गन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान किया कार भी जब्त कर ली।
इसी दिन शाम को गश्त के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए दो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके वाहन भी जब्त किए गए।
₹1.17 लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार
26 जुलाई को नाकाबंदी के दौरान एक कार में सवार तीन व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से ₹1.17 लाख नकद बरामद हुए। पूछताछ में इनके पंजाब से गुजरात अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े होने की आशंका सामने आने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद नकदी और कार को भी जब्त कर लिया गया।
अन्य वाहनों और संदिग्ध सामग्री पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान लोहे की गाटर से भरी एक कैंपर गाड़ी सहित अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया। इसके अलावा एयर गन, हैंड पंच और अन्य अवैध सामग्री रखने तथा शांति भंग करने के आरोप में सात अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस विशेष अभियान में पुलिस निरीक्षक ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास ज्याणी, हेड कांस्टेबल दिनेशचंद एवं राणाराम, कांस्टेबल दलीपदास, लीलाराम, अगराराम, खुशराज, अशोक कुमार तथा चालक गणेशाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



