पीबीएम अस्पताल में बड़ी सफलता: 7 साल से फेफड़े में फंसी सुपारी दूरबीन से निकालकर महिला को दिया नया जीवन

16 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

पीबीएम अस्पताल में जटिल ऑपरेशन सफल, 7 साल से फेफड़े में फंसी सुपारी निकाली

Bikaner News: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के श्वसन रोग विभाग ने एक दुर्लभ और जटिल मामले में सफलता हासिल करते हुए 58 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है। महिला के फेफड़े में पिछले सात वर्षों से फंसी करीब एक इंच लंबी सुपारी को दूरबीन (ब्रोंकोस्कोपी) के माध्यम से सफलतापूर्वक निकाला गया।

सालों से खांसी और सांस की समस्या से परेशान थी महिला

रामदेवरा निवासी महिला लंबे समय से लगातार खांसी, निमोनिया, सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी से जूझ रही थी। कई जगह इलाज कराने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। महिला ने जोधपुर, फलोदी सहित कई स्थानों पर चिकित्सकों से परामर्श लिया था।

सीटी स्कैन की जांच के बाद कुछ चिकित्सकों ने टीबी की संभावना भी जताई थी, लेकिन वास्तविक कारण सामने नहीं आ पाया था।

जांच में सामने आया फेफड़े में फंसी थी सुपारी

रिश्तेदारों की सलाह पर महिला पीबीएम अस्पताल के श्वसन रोग विभाग पहुंची। यहां विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. गुंजन सोनी ने महिला की विस्तृत जांच की। जांच में पता चला कि महिला के फेफड़े में करीब एक इंच लंबी सुपारी फंसी हुई है।

डेढ़ घंटे की जटिल प्रक्रिया के बाद मिली सफलता

डॉ. गुंजन सोनी ने विशेषज्ञ टीम के साथ ब्रोंकोस्कोपी के जरिए करीब डेढ़ घंटे तक चले जटिल प्रोसीजर में फेफड़े में फंसी सुपारी को सावधानीपूर्वक क्रश कर बाहर निकाला। इसके बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार होने लगा।

परिजनों ने जताया चिकित्सकों का आभार

महिला के पति ने बताया कि कई अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिली थी। पीबीएम अस्पताल में सही कारण पता चला और उपचार के बाद पत्नी को नई जिंदगी मिली।

महिला का पूरा उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निशुल्क किया गया। इस सफल उपचार में डॉ. गुंजन सोनी के साथ डॉ. अंकित, डॉ. वसुंधरा, डॉ. मनुदेव, डॉ. प्रवेश, डॉ. दिनेश, डॉ. विजय, नर्सिंग स्टाफ मंजू और हेल्पर विनोद का सहयोग रहा।

बीकानेर की स्वास्थ्य और स्थानीय खबरों के लिए जुड़े रहें।

Share: