पूगल। पूगल क्षेत्र के ग्राम आडूरी के चक 1 KWM में शनिवार को 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से दो गायों और चार भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
किसानों ने तुरंत दी बिजली विभाग को सूचना
हादसे के समय पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग ने संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दो गाय और चार भेड़ों की गई जान
इस दुर्घटना में जीवराज सिंह की दो गायें तथा गुमान सिंह की चार भेड़ें करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मर गईं। पशुओं की मौत से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इसी स्थान पर पहले भी करंट लगने से दो भेड़ों की मौत हो चुकी थी। किसानों द्वारा कई बार बिजली विभाग को ढीले और जर्जर तारों की सूचना देने के बावजूद उन्हें ठीक नहीं किया गया। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह दूसरा बड़ा हादसा हुआ है।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने और मृत पशुओं के मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में जर्जर और ढीली बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




