बज्जू। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रणजीतपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अदपाली जंक्शन स्थित एनएच-911 चारणवाला चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक-ट्रेलर से 1.852 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए ट्रक-ट्रेलर भी जब्त किया है।
नाकाबंदी देखकर अचानक रोक दिया ट्रक
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को थानाधिकारी जगदीश सिंह पुलिस जाब्ते के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे अदपाली जंक्शन एनएच-911 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। करीब 5:30 बजे चारणवाला की तरफ से एक ट्रक-ट्रेलर आता दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन को करीब 25 मीटर पहले ही रोक दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। चालक ने अपना नाम अमरीकसिंह पुत्र चरणसिंह निवासी रूपनगर, पंजाब बताया, जबकि खलासी की पहचान सुचासिंह पुत्र कश्मीरीलाल निवासी पंजाब के रूप में हुई।
कैबिन में सीट के नीचे मिला संदिग्ध पैकेट
पुलिस ने दोनों की सहमति के बाद नियमानुसार वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के कैबिन में खलासी सीट के नीचे बने बॉक्स से एक पीले रंग की थैली बरामद हुई। थैली के अंदर भूरे-मटमैले रंग का पदार्थ मिला, जिसकी प्रारंभिक जांच में डोडा पोस्त चूरा होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ को इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौला। प्रारंभिक वजन थैली सहित 1.745 किलोग्राम बताया गया। बाद में नियमानुसार पैकिंग और सील करने के बाद कुल वजन 1.852 किलोग्राम दर्ज किया गया। पुलिस ने डोडा पोस्त को मार्क-ए के रूप में सीलबंद कर जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आई बाप की कड़ी
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक-ट्रेलर से बाप, जिला फलौदी से नमक भरकर पंजाब ले जाते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने डोडा पोस्त का सेवन करने की बात भी बताई और बाप क्षेत्र के एक भोजनालय से डोडा पोस्त खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज किए हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रक-ट्रेलर जब्त
पुलिस ने अमरीकसिंह और सुचासिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक-ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार चन्द्रजीत सिंह भाटी, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना बज्जू को सौंपी गई है।
पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ का एफएसएल परीक्षण करवाने के साथ ही डोडा पोस्त की खरीद और सप्लाई से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





