रात दो बजे घर से लापता हुई 19 वर्षीय युवती - सोने के जेवर और नकदी भी मिले गायब

23 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर। नापासर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। मामला उस समय और रहस्यमय हो गया, जब युवती के घर से सोने का चिक, कानों के झुमके और 30 हजार रुपए भी गायब मिले। परिजनों ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार युवती के भाई ने रिपोर्ट में बताया कि 22 अगस्त की रात करीब दो बजे उसकी नींद खुली तो उसकी बहन कमरे में नहीं मिली। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जगाकर आसपास तलाश की गई। तलाशी के दौरान घर से सोने का चिक, कानों के झुमके और करीब 30 हजार रुपए भी गायब मिले।

सीसीटीवी में दिखी सफेद बोलेरो ने बढ़ाया सस्पेंस

युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसके साथ ही स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। रिपोर्ट के अनुसार सीसीटीवी में बिना नंबर की सफेद बोलेरो दिखाई दी।

परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया कि मोहल्ले के तीन लोगों ने युवती को सफेद रंग की बोलेरो में बैठते हुए देखने की बात कही है। इसके बाद युवती के लापता होने के मामले में बोलेरो को लेकर भी जांच का एंगल सामने आया है।

युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह

युवती के भाई ने रिपोर्ट में नापासर थाना क्षेत्र के मुंडसर निवासी ओमप्रकाश पुत्र केशाराम पर उसकी बहन को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है। रिपोर्ट में युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी

थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच एएसआई धर्मचंद मीणा को सौंपी गई है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस युवती के लापता होने, घर से जेवरात और नकदी गायब होने तथा सीसीटीवी में दिखाई दी सफेद बोलेरो के बीच संबंधों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Share: