श्रीडूंगरगढ़ में क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का बड़ा वार! दुकान से बुकी गिरफ्तार, मोबाइल में मिले लाखों के हिसाब
श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजों और बुकी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मुख्य बाजार सब्जी मंडी के सामने एक दुकान से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की खाईवाली करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बिग्गाबास निवासी राजन मोरवानी दुकान पर बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट मैच के भाव देखकर सट्टे की ऑनलाइन और ऑफलाइन खाईवाली कर रहा था। आरोपी दो मोबाइल फोन से लगातार गतिविधियां कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
मोबाइल में मिली सट्टे की एंट्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए। जांच के दौरान मोबाइल में अलग-अलग टैब खुले मिले, जिनमें क्रिकेट सट्टे की खाईवाली और लगाईवाली की एंट्री दर्ज थी।
मोबाइल में लाखों रुपए की राशि से जुड़े रिकॉर्ड भी मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास यूजर आईडी के नाम पर 1 लाख 16 हजार, 2 लाख 7 हजार 250, 51 हजार और 6 लाख रुपए जैसी रकम की एंट्री सेव मिली।
तीन आईडी से चला रहा था सट्टे का कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तीन अलग-अलग आईडी से क्रिकेट सट्टे का कारोबार चला रहा था। मोबाइल में खाताबुक और व्हाट्सएप के जरिए सट्टे के लेन-देन का हिसाब भी मिला है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह कर रहे हैं। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और सट्टा नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।



