हाईवे पर बड़ा हादसा! सड़क निर्माण के बीच पलटी बोलेरो, महिला समेत दो घायल

19 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

हाईवे पर बड़ा हादसा! सड़क निर्माण के बीच पलटी बोलेरो, महिला समेत दो घायल, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

श्रीडूंगरगढ़. श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के नेशनल हाईवे-11 पर कितासर गांव के पास शनिवार रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला भगवती निवासी मेघसर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाईवे पर सड़क नवीनीकरण का कार्य चल रहा है और कई स्थानों पर सड़क की खुदाई की गई है। इसके बावजूद मौके पर किसी प्रकार के संकेतक बोर्ड या चेतावनी चिह्न नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण एजेंसी से जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, उचित संकेतक बोर्ड लगाने और हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Share: