श्रीडूंगरगढ़ में 65 लाख की नोटों की गड्डियां बरामद! सिर्फ 13 हजार असली, बाकी निकले कूटरचित

23 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीडूंगरगढ़ में 65 लाख की नोटों की गड्डियां बरामद, जांच में निकले कूटरचित नोट

श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए असली नोटों के नाम पर चल रहे धोखाधड़ी के खेल का खुलासा किया है। पुलिस ने एक वाहन से लाखों रुपए की नोटों की गड्डियां बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गश्त के दौरान पुलिस ने रोकी गाड़ी

थाना अधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में सोमवार रात एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी को रुकवाया, जिसमें दो युवक सवार थे।

तलाशी के दौरान गाड़ी से भारी मात्रा में नोटों की गड्डियां मिलीं। शक होने पर पुलिस दोनों युवकों और गाड़ी को थाने लेकर गई।

65 लाख की गड्डियों में सिर्फ 13 हजार असली

पुलिस ने जब नोटों के बंडल खोलकर जांच की तो कुल 13 बंडल मिले। जांच में सामने आया कि प्रत्येक बंडल में ऊपर और नीचे केवल असली नोट लगाए गए थे, जबकि अंदर कूटरचित नोट भरे हुए थे।

बरामद 65 लाख रुपए की गड्डियों में केवल करीब 13 हजार रुपए के असली नोट मिले।

हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका

पुलिस को प्रारंभिक जांच में मामला हवाला कारोबार से जुड़ा होने के संकेत मिले हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि नोटों की गड्डियां कहां से लाई गईं और कहां सप्लाई करनी थी।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने ओम प्रकाश नैन निवासी जेतासर और महेंद्र उर्फ सीताराम गोदारा निवासी धोलिया को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि मामले में और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

Share: