बीकानेर में एबीवीपी का दूसरे दिन भी प्रदर्शन - सीआई को निलंबित करने की मांग

30 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जैसलमेर में परिषद कार्यकर्ता के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन बीकानेर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

एबीवीपी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जैसलमेर में तिरंगा रैली की अनुमति लेने के लिए पुलिस थाने पहुंचे परिषद कार्यकर्ताओं के साथ थानाधिकारी सुरजाराम ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और अपशब्दों का प्रयोग किया। इस घटना के विरोध में छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए संबंधित सीआई को तत्काल निलंबित करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

एबीवीपी के महानगर मंत्री मेहुल शर्मा ने कहा कि परिषद लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रही है, लेकिन यदि मांगों की अनदेखी की गई तो एबीवीपी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि छात्र कार्यकर्ताओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

फिलहाल ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Advertisement
Share: