जमीन विवाद में दो भाइयों को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास: मारपीट और धमकी के आरोप

14 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र के गोडू गांव में खेत की जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक किसान और उसके भाई को कथित रूप से ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की ओर से पुलिस में शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली गई। कोर्ट के आदेश के बाद बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

परिवादी अशोक कुमार पुत्र पृथ्वीराज विश्नोई, निवासी चक 16 जीएमआर, गोडू ने इस्तगासे में बताया कि उसके खेत के कुछ हिस्से पर पड़ोसी हंसराज पुत्र नरसीराम और उसके परिवार के लोगों द्वारा कथित रूप से कब्जा किया गया है। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

परिवादी के अनुसार 14 जून 2026 को शाम करीब चार बजे हंसराज उसके घर आया और खेत की सीमा का ज्ञान करने की बात कहकर उसे खेत में ले गया। सीमा की पैमाइश के दौरान जमीन का हिस्सा अशोक के पक्ष में आने की बात सामने आई तो आरोप है कि हंसराज ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार विवाद बढ़ने पर हंसराज ने बिना नंबर के सोनालिका 55 टाइगर ट्रैक्टर को स्टार्ट किया और अशोक तथा उसके भाई विकेश को कुचलने के इरादे से उनके पीछे दौड़ा दिया। इस दौरान विकेश ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गया। उसके हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद बज्जू अस्पताल में एक्सरे करवाया गया और फ्रैक्चर सामने आया। अशोक के पैर में भी चोट लगने का आरोप है।

परिवादी ने बताया कि घटना के दौरान उसके भाई विकेश ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। शोर सुनकर उनकी मां निर्मला देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया। आरोप है कि हंसराज ने दोनों भाइयों को दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से चला गया।

हथियार लेकर धमकाने का भी आरोप

इस्तगासे में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद हंसराज कैंपर गाड़ी से चार अन्य लोगों के साथ खेत के बाहर पहुंचा। आरोप है कि उनके हाथों में लाठियां और हथियार थे और उन्होंने पीड़ित पक्ष को धमकाया। इसके बाद अशोक और उसका भाई डर के कारण घर के अंदर चले गए।

पुलिस में शिकायत के बाद कोर्ट की शरण

परिवादी का आरोप है कि घटना के बाद उसने बज्जू थाने में लिखित रिपोर्ट दी, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने दोबारा थाने में शिकायत दी और पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी शिकायत भेजी। पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया।

कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज

कोर्ट के आदेश के बाद बज्जू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सउनि नैनूसिंह के निर्देशन में शुरू की गई है

परिवादी ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर के ट्रैक्टर और कैंपर गाड़ी RJ 50 GA 4792 को जब्त करने की भी मांग की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share: