ऑपरेशन नीलकंठ: अफीम-डोडा पोस्त के साथ आरोपी गिरफ्तार

14 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पांचू पुलिस ने कक्कू गांव की रोही में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम अफीम और 1 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मादक पदार्थ अपने पशुओं के छपरे और ठाण में छिपाकर रखे थे।

Advertisement

पशुओं के छपरे में मिट्टी के नीचे छिपाई थी अफीम

पुलिस के अनुसार बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा और सीओ नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थाना अधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कक्कू गांव की रोही स्थित राहड़ की ढाणी में दबिश दी।

तलाशी के दौरान पुलिस को आसाराम पुत्र भियांराम जाट, निवासी राहड़ की ढाणी, कक्कू के पशुओं के छपरे में एक स्टील का डिब्बा मिला। पुलिस के मुताबिक डिब्बे को मिट्टी के अंदर दबाकर रखा गया था। तलाशी लेने पर उसमें से 310 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पशुओं के ठाण से डोडा पोस्त बरामद

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान पशुओं के ठाण में छिपाकर रखा गया 1 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त भी बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी आसाराम को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई

पांचू पुलिस ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।

Share: