बीकानेर। छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में झगड़े के दौरान पुलिस ने श्रीगंगानगर निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है। संदिग्ध गतिविधियों और इंटेलीजेंस एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर युवक से पूछताछ की जा रही है। युवक पर पाकिस्तानी लोगों से संपर्क और जासूसी से जुड़े होने का शक जताया गया है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
झगड़े के दौरान पुलिस ने युवक को पकड़ा
जानकारी के अनुसार छत्तरगढ़ क्षेत्र में हुए एक झगड़े के दौरान पुलिस ने गुरविन्द्र नाम बताए जा रहे श्रीगंगानगर निवासी युवक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मामले की सूचना संबंधित इंटेलीजेंस एजेंसियों को दी गई।
पाकिस्तान कनेक्शन और जासूसी का शक
बताया जा रहा है कि युवक पर पाकिस्तानी लोगों के संपर्क में रहने और जासूसी गतिविधियों से जुड़े होने का शक है। इंटेलीजेंस इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
15 अगस्त के बाद एजेंसियां कर सकती हैं पूछताछ
मुख्यमंत्री के बीकानेर दौरे और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के चलते युवक से फिलहाल विस्तृत पूछताछ नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार 15 अगस्त के बाद गुप्तचर एजेंसियां युवक से पूछताछ कर सकती हैं। इस दौरान उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य गतिविधियों की जांच की जा सकती है।
बज्जू से भी पकड़ा गया था संदिग्ध
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बज्जू क्षेत्र से भी अनिल कुमार बिश्नोई नामक युवक को पकड़ा गया था। उस पर पाक आतंकी शहजाद भट्टी से संबंध होने का शक जताया गया था। मामले की जांच कोलायत एसएचओ जसवीर कुमार ने की थी। बाद में आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।





