घर के छपरे से मिला 1.35 क्विंटल डोडा, सप्लायर का नाम भी आया सामने

29 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.35 क्विंटल डोडा बरामद

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत बज्जू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 35 किलो 170 ग्राम डोडा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में बज्जू निवासी शीशपाल पुत्र भगवानाराम गोदारा को गिरफ्तार कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

बज्जू थानाधिकारी सीआई चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में बने गाय के छपरे में छिपाकर रखे बोरों से 135 किलो 170 ग्राम डोडा बरामद हुआ।

सप्लायर का नाम भी आया सामने

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने डोडा सप्लाई करने वाले के रूप में फलौदी जिले के भीयांसर निवासी प्रेम पूनियां का नाम बताया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

नेटवर्क की होगी गहन जांच

मामले की जांच रणजीतपुरा थानाधिकारी सीआई जगदीश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि डोडा की सप्लाई चेन, सप्लायर और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सीआई चंद्रजीत सिंह भाटी के साथ एएसआई ओमप्रकाश, एएसआई झंवरलाल, कांस्टेबल जोगेंद्र, हड़मानराम, किशनलाल, चालक संपत तथा महिला कांस्टेबल मुकेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share: