बज्जू। रंजीतपुरा थाना क्षेत्र के चक 10 डीएम, जग्गासर में घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते बीकानेर रेफर किया गया, जहां पीबीएम अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
दो कैंपर गाड़ियों में आए हमलावर
पुलिस को दी रिपोर्ट में जग्गासर निवासी सतीश कुमार पुत्र भागीरथ ने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब पांच बजे सत्यनारायण, दौलत, सीताराम, पूनमचंद, मनरूपराम, रामेश्वर, रामदेव सहित करीब 10 अन्य लोग दो कैंपर गाड़ियों में सवार होकर उसके घर पहुंचे।
बरछी, कुल्हाड़ी और गंडासी से किया हमला
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसकर बरछी, कुल्हाड़ी और गंडासी जैसे धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया। हमले में सतीश के पिता भागीरथ, माता मोरादेवी और ताऊ श्योपरराम के सिर पर वार किए गए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
गंभीर हालत में बीकानेर रेफर
घटना के बाद परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया। वर्तमान में घायलों का पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटनास्थल पर मिला क्षतिग्रस्त मोबाइल, वीडियो होने का दावा
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में से एक व्यक्ति का मोबाइल फोन घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त हालत में मिला। आरोप है कि मोबाइल में घटना से संबंधित वीडियो मौजूद था। रिपोर्ट में वीडियो में जान से मारने की धमकी देने और हथियार लहराने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच रंजीतपुरा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अब घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





